लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर: जिले के पदमपुर क्षेत्र में स्थित 18BB टोल प्लाजा को लेकर चल रहा विवाद अब उग्र रूप ले चुका है। यह मामला अब केवल टोल वसूली तक सीमित नहीं रहकर “जनता बनाम सिस्टम” की सीधी टक्कर में बदल गया है।
पिछले कई दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन उस समय और तेज हो गया जब टोल हटाओ संघर्ष समिति के संयोजक और किसान नेता सुखवीर सिंह फौजी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद माहौल और गरमा गया, जिसके चलते कांग्रेस जिलाध्यक्ष और विधायक रूपिन्द्र सिंह ‘रूबी’ कुन्नर खुद मोर्चे पर उतर आए।
विधायक कुन्नर सैकड़ों समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए हैं। धरना स्थल पर गद्दे बिछाकर प्रदर्शन जारी है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि आंदोलन अब लंबा और निर्णायक रूप ले सकता है।
पदमपुर-श्रीगंगानगर स्टेट हाईवे नंबर 3 पर स्थित 18BB टोल प्लाजा के आसपास हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर रखा है और पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक टोल प्लाजा हटाया नहीं जाता, आंदोलन जारी रहेगा। विधायक के सीधे धरने में शामिल होने से यह मुद्दा अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है और इसकी गूंज पूरे राजस्थान में सुनाई देने लगी है।
स्थिति फिलहाल संवेदनशील बनी हुई है और आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज हो सकता है।















































