लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़। जिले के भवानीमंडी कस्बे के पिपलिया गांव में एक विवाह समारोह के दौरान खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सगे चाचा की अचानक मौत हो गई। जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब गम का सन्नाटा पसरा हुआ है।
डांस के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
पिपलिया चौकी प्रभारी जयदीप हाड़ा के अनुसार, मृतक माणक चंद (35) अपने भतीजे मनोज और भतीजी प्रियंका की शादी की रस्मों में शामिल थे। बुधवार देर रात गांव में निकासी (बिंदौरी) निकाली जा रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक माणक चंद बेहद खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने जमकर डांस किया और खुशियों में पैसे भी लुटाए।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और तबीयत बिगड़ गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
परिजनों ने तुरंत उन्हें झालावाड़ जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को गांव कनवाड़ी से प्रियंका की बारात आनी थी और शनिवार को मनोज की बारात रवाना होनी थी। लेकिन इस दुखद घटना ने पूरे गांव और परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।














































