लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को दी चुनौती—‘2 साल बनाम 5 साल’ का हिसाब जनता के सामने रखें; बोले- कांग्रेस ने राजस्थान को जीर्ण-शीर्ण किया, भाजपा सरकार ने विकास की मजबूत नींव रखी
जयपुर। (रितु मेहरा) रक्षाबंधन पर्व से पहले सांगानेर के मानसरोवर में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को रक्षासूत्र बांधे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा और अपने सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल को कांग्रेस के पांच साल के शासन से तुलना करने की चुनौती दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने राजस्थान के विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है और पिछले ढाई वर्षों में पानी, बिजली, रोजगार, किसान तथा महिला सशक्तीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।
‘कांग्रेस ने प्रदेश को जीर्ण-शीर्ण कर दिया’
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में राजस्थान की जनता को भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान युवा पेपरलीक से परेशान रहे, किसान और मजदूर त्रस्त रहे तथा गैंगस्टर खुलेआम आतंक फैलाते रहे।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार की तुलना एक ऐसे जीर्ण-शीर्ण मकान से की, जो चारों तरफ से टूट-फूट चुका हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने राजस्थान को समृद्ध और सशक्त बनाने के लिए विकास का रोडमैप तैयार किया।
‘2 साल बनाम 5 साल’ पर कांग्रेस को चुनौती
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा में ‘2 साल बनाम 5 साल’ का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत कर दोनों सरकारों के कार्यों का तुलनात्मक विवरण जनता के सामने रखा है।
उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस अपने पांच साल के शासन का लेखा-जोखा जनता के सामने रखे। इसके बाद जनता स्वयं तय कर लेगी कि किस सरकार ने कितना काम किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपना रिपोर्ट कार्ड लगातार जनता के सामने रख रही है, लेकिन कांग्रेस इस पर कोई जवाब नहीं दे रही है। केवल हल्ला मचाने से कुछ नहीं होता, जनता विकास और काम के आधार पर मूल्यांकन करती है।
‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता कभी कहते थे कि राजस्थान में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ कोई काकाजी भी नहीं करवा सकते। लेकिन भाजपा सरकार राजस्थान में वन स्टेट, वन इलेक्शन की दिशा में आगे बढ़ रही है।
जल परियोजनाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। राज्य में वर्तमान में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की जल परियोजनाएं संचालित होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि करीब एक लाख करोड़ रुपये की रामजल सेतु लिंक परियोजना पर मिशन मोड में काम चल रहा है।
इसके साथ ही करीब 34 हजार करोड़ रुपये के यमुना जल समझौते को भी धरातल पर उतारने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने इंदिरा गांधी नहर और गंग नहर के सुदृढ़ीकरण, उदयपुर क्षेत्र की देवास योजना, जवाई बांध में सोम-कमला-अंबा से पानी पहुंचाने तथा ब्राह्मणी नदी से बीसलपुर में पानी लाने जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
2027 तक किसानों को दिन में बिजली का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार ने वर्ष 2027 तक प्रदेश के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
‘पेपरलीक पर लगाया अंकुश, रिकॉर्ड भर्तियां’
युवाओं के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय युवाओं को पेपरलीक का दंश झेलना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पेपरलीक पर अंकुश लगाते हुए ढाई वर्षों में रिकॉर्ड भर्तियां की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने चार लाख सरकारी नौकरियां देने का संकल्प लिया था, जिसके तहत 1 लाख 89 हजार नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं, जबकि 1 लाख 22 हजार नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं। इसके अलावा 70 हजार नई भर्तियों की तैयारी चल रही है।
किसानों के लिए योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में भी लगातार काम कर रही है। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बोनस के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल देने का काम किया जा रहा है।
महिलाओं के सशक्तीकरण पर सरकार का जोर
रक्षाबंधन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में महिलाओं के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी को शक्ति, समृद्धि और ज्ञान का स्वरूप माना गया है।
उन्होंने कहा कि मां लक्ष्मी को समृद्धि, मां दुर्गा को शक्ति और मां सरस्वती को ज्ञान-विवेक का प्रतीक मानना भारतीय संस्कृति का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, घर-घर शौचालय और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के राजनीतिक नेतृत्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
‘प्रदेश में 20 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 20 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है और सांगानेर में भी स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य करवाए गए हैं।
महिलाओं ने बांधे रक्षासूत्र
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महिलाओं द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को रक्षासूत्र बांधना रहा। मुख्यमंत्री ने सभी माताओं-बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी, पूर्व विधायक शंकर सिंह राजपुरोहित, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न मेहता सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।



















































