लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तृतीय प्रतिभावान विद्यार्थी व नवचयनित सरकारी कार्मिकों का होगा सम्मान
समदड़ी / बालोतरा। श्री पीपा क्षत्रिय दर्जी समाज शिक्षा समिति पांच पट्टी के तत्वावधान में तृतीय प्रतिभावान विद्यार्थी एवं नवचयनित सरकारी अधिकारी-कर्मचारी सम्मान समारोह का आयोजन 1 फरवरी 2026, माघ पूर्णिमा के अवसर पर घांची समाज भवन, समदड़ी स्टेशन (जिला बालोतरा) में किया जाएगा। समारोह की तैयारियां इन दिनों जोरों पर चल रही हैं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण पंवार ने बताया कि समाज के उन प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन किया है। इसमें कक्षा पंचमी व अष्टमी में ए व बी ग्रेड, कक्षा षष्ठी से द्वादशी तक छात्रा वर्ग में 60 प्रतिशत एवं छात्र वर्ग में 65 प्रतिशत से अधिक अंक, तथा स्नातक से स्नातकोत्तर स्तर पर छात्रा वर्ग में 60 प्रतिशत और छात्र वर्ग में 65 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विशेष पुरस्कार प्राप्त, अन्य प्रोफेशनल डिग्री या विशेष योग्यता अर्जित करने वाले, तथा राजकीय सेवा में नवचयनित समाज के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। सम्मान हेतु आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की स्वयं की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में परम पूज्य गुरुदेव श्री 1008 श्री महंत नरसिंगदास जी महाराज (बगेची, समदड़ी) एवं परम पूज्य गुरुदेव श्री 1008 श्री तृप्तात्मानंद गिरी जी महाराज (आत्म शांति कुटीर योगाश्रम, सिणधरी) का सान्निध्य प्राप्त होगा।
आयोजकों के अनुसार यह समारोह समाज में शिक्षा, प्रतिभा और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।















































