लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हाईवे पर दुर्घटना होने पर मिलेगी त्वरित मदद
बीआरटीपीएल परियोजना में आपातकालीन सेवाओं को मजबूती देने की पहल, अधिकारियों ने वाहनों का किया शुभारंभ
राजसमंद। (गौतम शर्मा) रूपाखेड़ा के पास टोल पर भीलवाड़ा-राजसमंद बीआरटीपीएल परियोजना के लिए नए आपातकालीन सहायता वाहनों की तैनाती की गई है। बुधवार को विधिवत कार्यक्रम आयोजित कर इन वाहनों का शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय अधिकारी संजय एस. कदम ने वाहनों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पत्नी के साथ गणेशजी की आरती कर वाहनों के सुरक्षित और सुचारू संचालन की कामना की।
कार्यक्रम में बीआरटीपीएल परियोजना की टीम के साथ हाईवे परियोजना प्रबंधक जय नंदन मिश्रा, टोल प्रबंधक राकेश कुमार दायमा सहित टोल और हाईवे से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद नए वाहनों को परियोजना मार्ग पर तैनात किया गया।
दुर्घटना की सूचना पर तत्काल पहुंचेगा वाहन
नए आपातकालीन वाहनों की तैनाती का उद्देश्य हाईवे पर दुर्घटना या अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना और प्रतिक्रिया समय कम करना है। परियोजना मार्ग पर किसी हादसे की सूचना मिलते ही सहायता वाहन मौके पर पहुंचकर आवश्यक मदद उपलब्ध कराएंगे।
हाईवे टोल प्रोजेक्ट अधिकारी जयनंदन मिश्रा ने बताया कि आपात स्थिति में कम से कम समय में सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है। नए वाहनों के संचालन से सड़क उपयोगकर्ताओं को तत्काल मदद मिलने के साथ हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
सुरक्षित यातायात व्यवस्था पर जोर
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और परियोजना टीम ने हाईवे पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा आपातकालीन सेवाओं को और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता जताई। क्षेत्रीय अधिकारी संजय एस. कदम के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार भी व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर हाईवे प्रबंधक अरुण बघेल, मार्ग अधिकारी पांचूराम सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



















































