लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता, (अजमेर/जोधपुर)
जयपुर/अजमेर/जोधपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच महंगाई ने आमजन की परेशानी और बढ़ा दी है। दूध, कमर्शियल LPG और CNG की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी से लेकर छोटे व्यापारियों तक का बजट बिगाड़ दिया है। वैश्विक ऊर्जा संकट और कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण घरेलू बाजार में ईंधन और खाद्य पदार्थों के दामों में लगातार उछाल देखा जा रहा है।
कमर्शियल LPG में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
तेल विपणन कंपनियों द्वारा 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹993 तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बाद राजस्थान में व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत ₹2,106 से बढ़कर ₹3,099 तक पहुंच गई है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और मिठाई व्यवसाय पर पड़ने लगा है।
CNG के दामों में भी उछाल
महानगर गैस लिमिटेड (MGL) द्वारा CNG की कीमतों में ₹2 प्रति किलो की वृद्धि के बाद राजस्थान में भी बाजार सतर्क हो गया है। वर्तमान में जयपुर में CNG की कीमत ₹90.91 प्रति किलो और जोधपुर में ₹88.10 प्रति किलो तक पहुंच चुकी है। आने वाले दिनों में परिवहन किराए बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।
दूध भी हुआ महंगा
Amul, Mother Dairy और राजस्थान की सरस डेयरी द्वारा दूध के दामों में ₹2 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
बाहर खाना और सफर दोनों महंगे
विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी वृद्धि के कारण होटल, कैटरिंग और मिठाइयों के दामों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं CNG महंगी होने से ऑटो और टैक्सी यूनियनें किराया बढ़ाने की तैयारी में हैं।
महंगाई के इस दौर ने आम उपभोक्ता, व्यापारी और मध्यम वर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।




















































