पुरुषोत्तम मास में दो दिवसीय ग्यारह कोसी नगर परिक्रमा शुरू

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

रियांबड़ी (नागौर)। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर रियांबड़ी शहर में आयोजित दो दिवसीय पारंपरिक ग्यारह कोसी नगर परिक्रमा का शुभारंभ चारभुजानाथ मंदिर से श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। भजन-कीर्तन, जयघोष और धार्मिक माहौल के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नगर परिक्रमा में भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

नगर परिक्रमा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। श्रद्धालु हाथों में ध्वज-पताकाएं लेकर भगवान के जयकारे लगाते हुए परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़े। मार्गभर हरिकीर्तन, भजन-संकीर्तन और धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिरस में सराबोर रहा। पुरुषोत्तम मास में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिक्रमा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर छाया, शुद्ध पेयजल, भोजन प्रसादी और रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई। आयोजन समिति एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

इस अवसर पर ब्रह्म समुदाय सेवा समिति रियांबड़ी के अध्यक्ष एडवोकेट रामकिशोर तिवाड़ी, बजरंगगढ़ सेवा समिति के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद राठी, श्याम सुंदर रुणवाल, विनोद कुमार गौड़, जुगल किशोर मणिहार, देवी सिंह बड़गूजर, राजेश पाराशर, मिठ्ठू लाल सोनी, कैलाश नागर एवं बबलू पाराशर सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

नगर परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और लोककल्याण की कामना की। पूरे शहर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल बना रहा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here