लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सांसद बोलीं- लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदारों पर हो कार्रवाई; मंत्री खर्रा ने कहा- जांच में दोषी मिले तो नहीं बचेंगे
जयपुर। पुरोहितजी का कटला में हुए अग्निकांड को लेकर जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा ने शुक्रवार को नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा से मुलाकात की। सांसद ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मुलाकात के दौरान यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सांसद को मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अग्निशमन व्यवस्था की कमियों को दूर करने और सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाने की बात भी कही।
परकोटे की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर उठे सवाल
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि परकोटे जैसे घने और संकरी गलियों वाले बाजारों में आग लगने की स्थिति में फायर सेफ्टी व्यवस्था की नियमित समीक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने दमकल वाहनों की पहुंच, फायर हाइड्रेंट, पानी की उपलब्धता, भवनों की अग्निसुरक्षा, फायर एनओसी और आपातकालीन रास्तों की वास्तविक स्थिति की नियमित जांच कराने पर जोर दिया।
सांसद ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करीब 3.90 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए गए फायर हाइड्रेंट सिस्टम की भी जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि सार्वजनिक धन से तैयार की गई किसी भी सुरक्षा व्यवस्था की स्थापना के साथ उसके नियमित संचालन, रखरखाव और आपदा के समय उपयोगिता सुनिश्चित होना जरूरी है।
करीब 7 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और हाइड्रेंट प्वाइंट
अग्निकांड के बाद परकोटे में तैयार फायर हाइड्रेंट सिस्टम को लेकर भी सवाल उठे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस व्यवस्था में करीब 7 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, पानी की टंकियां और हाइड्रेंट प्वाइंट शामिल हैं। इसका उद्देश्य परकोटे की उन संकरी गलियों में आग बुझाने के लिए पानी उपलब्ध कराना था, जहां बड़े दमकल वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते।
मंजू शर्मा ने इस व्यवस्था की स्थापना, संचालन, रखरखाव और अग्निकांड के दौरान इसकी वास्तविक उपयोगिता की जांच कराने की मांग की है।
‘दोषी पाए गए तो कार्रवाई होगी’
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सांसद को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि परकोटे की फायर सेफ्टी व्यवस्था को और मजबूत किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य में देरी न हो।
















































