लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ANTF ने 2500 किमी दूर जाकर दबोचा
जयपुर | लोक टुडे न्यूज नेटवर्क (रूपनारायण सांवरिया)
राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। “ऑपरेशन यमलकमली” के तहत सात वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रणजीत दायमा उर्फ रणजीत बंजारा को केरल के शोरानूर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्य प्रदेश के नीमच जिले का निवासी है और हाल ही में गिरफ्तार किए गए तस्कर रमेश बंजारा से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
2500 किलोमीटर दूर तक चला पीछा
एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने राजस्थान से केरल तक करीब 2500 किलोमीटर का सफर तय कर आरोपी को गिरफ्तार किया। ऑपरेशन के दौरान टीम ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति अपनाते हुए कई दिनों तक आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।
स्थानीय भाषा सीखकर छिपा था आरोपी
प्रारंभिक जांच के अनुसार रणजीत दायमा लंबे समय से केरल में रह रहा था। पुलिस का दावा है कि वह स्थानीय भाषा मलयालम के साथ कन्नड़ और तेलुगु भी धाराप्रवाह बोलता था, जिससे स्थानीय लोगों के बीच उसकी पहचान एक स्थानीय निवासी जैसी बन गई थी और उस पर किसी को संदेह नहीं होता था।
कंबल बेचने की आड़ में फरारी
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शोरानूर के वडकनचेरी क्षेत्र में कंबल का व्यवसाय शुरू कर रखा था। वह मोटरसाइकिल पर कंबल लेकर आसपास के इलाकों में घूमता था और इसी के जरिए अपनी पहचान छिपाकर सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था।
समधी के साथ चलाता था कथित नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि रणजीत दायमा और पहले गिरफ्तार रमेश बंजारा आपस में समधी हैं और पिछले कई वर्षों से कथित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी में साझेदार थे। पुलिस के अनुसार दोनों ने काम का बंटवारा कर रखा था, जिसमें एक व्यक्ति सौदे तय करता था जबकि दूसरा माल की सप्लाई और लॉजिस्टिक्स संभालता था।
पहाड़ियों में बिछाया जाल, ग्राहक बनकर किया गिरफ्तार
एएनटीएफ टीम को सूचना मिली कि आरोपी उस दिन नीलयांमती क्षेत्र की पहाड़ियों में कंबल बेचने गया है। पुलिसकर्मियों ने ग्राहक बनकर उससे संपर्क किया और बड़ी खरीदारी का झांसा देकर उसे अपनी गाड़ी तक बुलाया। जैसे ही आरोपी टीम के पास पहुंचा, पुलिस ने अपनी पहचान बताते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई राज्यों में नेटवर्क की जांच
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में मादक पदार्थों की सप्लाई की बात स्वीकार की है। हालांकि पुलिस पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और दर्ज मामलों की विस्तृत जांच कर रही है।
ANTF ने आमजन से मांगा सहयोग
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम को मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से मादक पदार्थों की तस्करी या अपराधियों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

















































