लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
चौमहला/झालावाड़। शारदीय नवरात्रा के पावन अवसर पर सार्वजनिक गरबा मंडल की ओर से सप्तमी तिथि को गरबा पंडाल में पारंपरिक कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान कस्बे के विभिन्न शासकीय व अशासकीय विद्यालयों की 500 से अधिक छात्राओं व बालिकाओं का पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए गए और सामूहिक समरसता भोज कराया गया।
स्मृति में हुआ आयोजन
इस वर्ष का कन्या पूजन कार्यक्रम नवनीत गोयल द्वारा उनकी स्वर्गीय पत्नी मृदुला गोयल की स्मृति में आयोजित किया गया। कन्याओं के चरण पखारकर पूजन किया गया, सिर पर माता जी की चुनरी ओढ़ाई गई और उन्हें पूरी, हलवा, खीर, सब्जी-पकौड़ी का प्रसाद परोसा गया।
उपहार और आशीर्वाद
भोजन के पश्चात कन्याओं को उपहार भेंट किए गए और उनका आशीर्वाद लिया गया। आयोजन के बाद सार्वजनिक गरबा मंडल की ओर से आयोजक परिवार का माल्यार्पण एवं साफा बांधकर सम्मान किया गया।
गरबा मंडल और गणमान्य उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष गौतम ओसवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष नारायण अग्रवाल, दौलतराम माली, राकेश जैन, समाजसेवी भामाशाह ज्ञानचंद मावावाला सहित सार्वजनिक गरबा मंडल के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।













































