नशा मुक्ति का संदेश देगी ‘शिकंजा’ लघु फिल्म, स्कूल-कॉलेजों में होगा प्रसारण

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया फिल्म का मुहूर्त, कहा— नशे की रोकथाम में जन-जागरूकता अहम

राजसमंद (गौतम शर्मा)। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला पुलिस, प्रशासन एवं जाह्नवी कला परिषद के सहयोग से साउंड ऑफ लाइफ मल्टीमीडिया द्वारा निर्मित की जा रही लघु फिल्म ‘शिकंजा’ का गुरुवार को मुहूर्त किया गया।

कार्यक्रम में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने की। इस दौरान एडिशनल एसपी (त्वरित अनुसंधान सेल) बंशीलाल चनिया, पुलिस उपाधीक्षक नेत्रपाल सिंह, एससी/एसटी सेल प्रभारी श्याम सिंह रतनू, साइबर थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद दाधीच सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समाजसेवी अश्विन बाबरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

फिल्म का पहला क्लैप देकर किया मुहूर्त

कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने फिल्म की शूटिंग का पहला क्लैप बजाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में लघु फिल्में जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन सकती हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि ‘शिकंजा’ लघु फिल्म नशा मुक्ति अभियान को नई दिशा देगी और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगी।

स्कूल-कॉलेजों में होगा व्यापक प्रसारण

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामाजिक और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करता है। पुलिस प्रशासन द्वारा इस दिशा में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि लघु फिल्म ‘शिकंजा’ का प्रसारण जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जा सके।

नशे के दुष्परिणामों पर आधारित है कहानी

फिल्म के निर्देशक मनोज पोरवाड़ ने बताया कि ‘शिकंजा’ नशे के दुष्परिणामों और उससे बाहर निकलने के संघर्ष की कहानी पर आधारित है। फिल्म का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी अवसर दिया गया है। इसमें भावेश अग्रवाल, भावना सोनी, कीर्ति ठाकुर, डॉ. जगदीश जीनगर, लक्षिता चौहान, महेंद्र कुमावत सहित कई कलाकार अभिनय कर रहे हैं। फिल्म की फोटोग्राफी शाहिद शाह द्वारा की जा रही है।

नशा मुक्ति की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के अंत में जिला कलक्टर ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कला, साहित्य, समाजसेवा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here