नशा मुक्त भारत अभियान: राजसमंद में मानव शृंखला बनाकर दिया जागरूकता का संदेश

0
11
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

गौतम शर्मा | राजसमंद

राजसमंद। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जिला मुख्यालय पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

मानव शृंखला बनाकर दिया नशा मुक्ति का संदेश

कार्यक्रम के तहत अम्बेडकर सर्किल से महाराणा प्रताप उद्यान तक मानव शृंखला का निर्माण किया गया। बिगुल की स्वर लहरियों के बीच राजकीय कर्मचारियों, पुलिस विभाग के कार्मिकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने हाथों में हाथ डालकर समाज को नशे से दूर रहने और जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

अधिकारियों ने की नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील

कार्यक्रम में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक दीपेंद्र सिंह शेखावत सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है। उन्होंने आमजन से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

नशामुक्त राजसमंद का लिया संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्त राजसमंद की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने, समाज में जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

जिला प्रशासन ने इस अवसर पर कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता के माध्यम से ही नशामुक्त समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here