लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने स्थानीय मुद्दों पर की चर्चा, कई लोगों ने ग्रहण की आरएलपी की सदस्यता
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आरएलपी सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोमवार को नागौर स्थित अपने आवास पर नागौर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के नगरीय क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, युवाओं और आमजन से मुलाकात की।
इस दौरान आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न नगरीय क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने स्थानीय स्तर की जनसमस्याओं, नगर निकायों से जुड़े मुद्दों और चुनावी तैयारियों की जानकारी सांसद बेनीवाल को दी।
जनहित के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी आरएलपी
सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनावों में आरएलपी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास आमजन की समस्याओं और उनकी आवाज को नगर निकायों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना रहेगा।
बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं से स्थानीय स्तर पर जनता के बीच सक्रिय रहने और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
कई लोगों ने ग्रहण की पार्टी की सदस्यता
मुलाकात के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े कई लोगों ने आरएलपी की विचारधारा और सांसद हनुमान बेनीवाल के संघर्षों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सांसद बेनीवाल ने सभी नए सदस्यों का पार्टी परिवार में स्वागत किया और कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
नगर निकाय चुनावों से पहले आरएलपी की सक्रियता बढ़ने के साथ ही पार्टी की ओर से स्थानीय स्तर पर बैठकों और जनसंपर्क गतिविधियों का सिलसिला भी तेज होने के संकेत हैं।
















































