लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 4 जुलाई को प्रस्तावित जोधपुर एवं बालोतरा यात्रा को लेकर राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को जोधपुर में कार्यक्रम स्थलों एवं नवीन एयरपोर्ट टर्मिनल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता और बेहतर समन्वय के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने एयरफोर्स स्टेशन, नवीन एयरपोर्ट टर्मिनल एवं कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा तथा आगंतुक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
पश्चिमी राजस्थान के विकास को मिलेगी नई गति
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि जोधपुर का अत्याधुनिक नया एयरपोर्ट टर्मिनल लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता था और इसके लोकार्पण को लेकर आमजन में विशेष उत्साह है। उन्होंने बताया कि सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रशासन प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि नया एयरपोर्ट पश्चिमी राजस्थान का सबसे बड़ा एवं अत्याधुनिक हवाई अड्डा होगा, जिससे क्षेत्र की हवाई संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन, व्यापार, निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
एचआरआरएल रिफाइनरी बनेगी औद्योगिक विकास की धुरी
मुख्य सचिव ने कहा कि बालोतरा स्थित एचआरआरएल रिफाइनरी का राष्ट्र को समर्पण पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। लगभग 80 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड रिफाइनरी एवं पेट्रो-रसायन परियोजनाओं में शामिल है। इससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।
उन्होंने बताया कि रिफाइनरी के साथ रीको द्वारा पेट्रो-रसायन पार्क विकसित किया जा रहा है। वहीं एचपीसीएल प्रदेश में 300 से 400 नए ईंधन विक्रय केन्द्र स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे रिफाइनरी में उत्पादित पेट्रोलियम उत्पादों का राज्य के भीतर अधिक प्रभावी विपणन संभव हो सकेगा।
60 दिनों में दोबारा शुरू हुआ रिफाइनरी संचालन
रिफाइनरी के संचालन से जुड़े प्रश्न पर मुख्य सचिव ने कहा कि एचआरआरएल, एचपीसीएल और राज्य सरकार के अधिकारियों एवं अभियंताओं ने संयुक्त प्रयासों से मात्र 60 दिनों में रिफाइनरी को पुनः पूर्ण रूप से संचालित करने में सफलता प्राप्त की। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सतत सहयोग को दिया।
उन्होंने कहा कि जोधपुर के नए एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण और एचआरआरएल रिफाइनरी का राष्ट्र को समर्पण पश्चिमी राजस्थान को निवेश, उद्योग, पर्यटन तथा आधारभूत अवसंरचना के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ आर्थिक प्रगति का नया अध्याय लिखेगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा, जिला कलक्टर आलोक रंजन सहित प्रशासन, वायुसेना तथा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे।













































