लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिटर्निंग अधिकारी ने मतदान व मतगणना स्थल का किया निरीक्षण, कल निकलेगी मतदाता जागरूकता रैली
ईवीएम, टेबल व्यवस्था और मतगणना कक्ष की तैयारियों का लिया जायजा, गुरुवार सुबह 7 बजे स्वीप के तहत निकलेगी रैली
लोसल (सीकर)। (ओम प्रकाश सैनी) निकाय चुनाव को लेकर लोसल में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। रिटर्निंग अधिकारी आशीष शर्मा ने मतदान एवं मतगणना स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी ने ईवीएम के रखरखाव, टेबल व्यवस्था और मतगणना कक्ष से जुड़े प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने और चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान नगर पालिका ईओ भूपेश शर्मा, नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह और पटवारी भी मौजूद रहे।
गुरुवार सुबह निकलेगी मतदाता जागरूकता रैली
निकाय चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार सुबह 7 बजे ‘स्वीप’ कार्यक्रम के तहत विशाल मतदाता जागरूकता रैली निकाली जाएगी।
रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से होगी। इसमें लोसल क्षेत्र के सभी सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंचेगी।
रैली के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य निकाय चुनाव में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना है।




















































