लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पटवारी कॉटेज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक, पार्टी का बोर्ड बनाने के लिए रणनीति पर मंथन
लोसल (सीकर)। (ओम प्रकाश सैनी) नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक पटवारी कॉटेज में आयोजित हुई। बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता घटाला और चुनाव प्रभारी डॉ. प्रीति मेघवाल ने कार्यकर्ताओं से आपसी गिले-शिकवे भुलाकर पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मजबूत संगठन के दम पर लोसल नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाया जा सकता है।
युवा और जिताऊ चेहरों को प्राथमिकता
बैठक के दौरान टिकट वितरण और चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी को युवाओं, सक्रिय कार्यकर्ताओं और मजबूत जिताऊ चेहरों को प्राथमिकता देनी चाहिए। स्थानीय स्तर पर जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले और संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतारने पर जोर दिया गया।
भाजपा सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करें और कांग्रेस की नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने और कांग्रेस के पक्ष में माहौल तैयार करने की अपील की गई।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में धोद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे जगदीश दानोदिया सहित क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय के साथ चुनाव लड़ने और पार्टी को विजय दिलाने का संकल्प दोहराया।






















































