लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वार्ड पार्षदों की लॉटरी पर टिकी नजर
कुचामनसिटी। प्रदेश में निकाय चुनाव-2026 को लेकर आरक्षण की तस्वीर साफ होने के साथ ही कुचामनसिटी नगर परिषद में चेयरमैन पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित घोषित किया गया है। आरक्षण की घोषणा के बाद शहर की राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आ गई है और संभावित दावेदारों ने अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है।
चेयरमैन पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित होने की सूचना मिलते ही शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में सामान्य वर्ग के संभावित उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से चुनावी तैयारियों में जुटे कई नेताओं के लिए अब चुनावी मैदान में उतरने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आरक्षण तय होने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी चुनावी समीकरण बनने शुरू हो जाएंगे। संभावित प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज कर सकते हैं तथा समर्थकों को संगठित करने में जुट सकते हैं।
वार्ड आरक्षण पर टिकी निगाहें
चेयरमैन पद का आरक्षण तय होने के बाद अब शहरवासियों और राजनीतिक दलों की निगाहें वार्ड पार्षदों के आरक्षण की लॉटरी पर टिकी हुई हैं। वार्डों के आरक्षण के बाद ही चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो सकेगी तथा संभावित उम्मीदवारों की स्थिति सामने आएगी।
चुनावी सरगर्मियां होंगी तेज
निकाय चुनाव की आधिकारिक घोषणा का भी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही कुचामनसिटी में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। आगामी दिनों में विभिन्न दलों के संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता, बैठकों और जनसंपर्क अभियानों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

















































