लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद डोडियाना गांव के दो युवाओं ने अपने हौसले और मेहनत के दम पर भारतीय सेना में चयन हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जवाना राम चौयल और आशिक खान के चयन की खबर से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर दोनों युवाओं और उनके परिवारों को बधाई दी।
जवाना राम, पुत्र नाथूजी चौयल, एक किसान परिवार से संबंध रखते हैं। दादा घासीराम चौयल के संरक्षण में पले-बढ़े जवाना राम ने आर्थिक और संसाधनों की कमी के बावजूद निरंतर मेहनत जारी रखी और अपने लक्ष्य को हासिल किया। उनकी सफलता से ग्रामीण युवाओं में नया उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ है।
वहीं, आशिक खान, पुत्र अजमत खान, ने भी अपने परिवार की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारतीय सेना में चयन प्राप्त किया है। उनके दादा आसिन खां पूर्व में भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। आशिक खान की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव में गर्व और उत्साह का माहौल है।
ग्रामीणों ने कहा कि यह उपलब्धि केवल दो युवाओं की सफलता नहीं, बल्कि पूरे डोडियाना गांव के लिए गौरव का क्षण है। दोनों युवाओं ने यह साबित किया है कि मेहनत, अनुशासन और देशसेवा के जज्बे से किसी भी कठिन परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है।
गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने चयनित युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।











































