लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरवर गांव की घटना, परिजनों ने खेत से अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया; पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू की
उन्हेल, झालावाड़। जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के सरवर गांव में कृषि कार्य करते समय एक किसान खेत पर अचेत हो गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौमहला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार रामलाल बागरी (45) देर शाम अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक अचेत होकर खेत में गिर गया। परिजनों को जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और रामलाल को अचेत अवस्था में उपचार के लिए सीएचसी चौमहला लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सुबह उन्हेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के पर्चा बयान लिए। पुलिस ने सीएचसी चौमहला में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं मामले को जांच में लेकर किसान की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


















































