लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
MSME के साथ बिजनेस अवेयरनेस मीट आयोजित
नई दिल्ली । खटीक समाज के उद्यमियों और युवाओं को स्वरोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से नई दिल्ली में विशेष बिजनेस अवेयरनेस मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME-DFO), नई दिल्ली के तत्वावधान में कम्युनिटी कनेक्ट के सहयोग से अखिल भारतीय खटीक समाज (रजि. N-441) द्वारा किया गया।
कनॉट प्लेस स्थित MSME-DFO के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली-NCR के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से समाज के उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
सरकारी योजनाओं और कारोबार विस्तार की दी जानकारी
कार्यक्रम में MSME विभाग के अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी। प्रतिभागियों को PMEGP, मुद्रा लोन, स्टैंड अप इंडिया, सब्सिडी, विभिन्न सर्टिफिकेशन और बैंक लोन प्रक्रिया के बारे में बताया गया। इसके साथ ही कारोबार को स्थानीय बाजार तक सीमित रखने के बजाय एक्सपोर्ट के माध्यम से दूसरे बाजारों तक पहुंचाने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।
प्रतिभागियों ने योजनाओं और बैंकिंग प्रक्रिया से जुड़े सवाल सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने रखे और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।
अखिल भारतीय खटीक समाज (रजि. N-441) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ललित पंवार ने सेल्स की अवधारणा और कारोबारी सफलता में उसकी भूमिका पर जानकारी दी। उन्होंने बिक्री बढ़ाने के लिए व्यावहारिक फॉर्मूले और उन्हें कारोबार में लागू करने के तरीकों को समझाया। कार्यक्रम में हेमराज, महक ठाकुर और शशि तंवर ने भी अपने-अपने विषयों पर विचार रखे।
फकीर चंद मोगा ने साझा किया संघर्ष से सफलता तक का सफर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज के प्रमुख उद्योगपति फकीर चंद मोगा रहे। उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष और कारोबार में सफलता तक पहुंचने की यात्रा साझा की। उन्होंने युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि सही योजना, मेहनत और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का उपयोग करके छोटे कारोबार को भी बड़े स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
उनके अनुभवों ने कार्यक्रम में मौजूद युवा उद्यमियों को कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
दो भामाशाहों के योगदान को सराहा
कार्यक्रम को सफल बनाने में MSME-DFO के डिप्टी डायरेक्टर डी.एस. तोमर की भूमिका की सराहना की गई। आयोजकों के अनुसार, उनके प्रयासों से कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग मिला और वेन्यू के साथ जलपान की व्यवस्था भी कराई गई।
वहीं, अखिल भारतीय खटीक समाज के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनिल सरवालिया ने समाजजनों के लिए भोजन की व्यवस्था कर आयोजन में सहयोग दिया। समाज की ओर से दोनों का आभार व्यक्त किया गया।
‘एक-दूसरे के साथ व्यापार, समाज का विकास’ का दिया संदेश
कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय खटीक समाज के राष्ट्रीय प्रमुख सलाहकार भवानी शंकर राजोरिया ने किया। उन्होंने आयोजन के उद्देश्य ‘एक-दूसरे के साथ व्यापार, समाज का विकास’ को रेखांकित करते हुए समाज के उद्यमियों के बीच मजबूत बिजनेस नेटवर्क तैयार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में MSME मंत्रालय के डिप्टी डायरेक्टर डी.वी. सिंह, अखिल भारतीय खटीक समाज के कार्यकारी प्रधान महासचिव विजय कुमार सांखला, राष्ट्रीय उपाध्याय रामनाथ राजोरिया, मध्यप्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण बोरीवाल, डॉ. सुरेश मलकानी, दिल्ली प्रदेश युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष यशपाल पंवार, हरियाणा प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष तेजपाल सामरिया और गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सहित समाज के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोजन में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनिल सरवालिया और दिल्ली प्रदेश युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. सुरेश मलकानी के सहयोग को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों पर जोर
आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल एक बैठक आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के लोगों को सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं, उद्यमिता और बाजार के अवसरों से जोड़ना था। आयोजन के दौरान युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के अवसरों की जानकारी मिली।
राष्ट्रीय प्रमुख सलाहकार और कार्यक्रम के संचालक भवानी शंकर राजोरिया ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के युवाओं और उद्यमियों को व्यावहारिक जानकारी, नेटवर्किंग और कारोबार विस्तार के नए अवसर मिल सकें।
























































