लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का जन्मदिन आज जोधपुर में परिवार, मित्रों और स्नेहीजनों के साथ मनाया गया। जयपुर से चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा होते हुए देर रात अपने गृह नगर जोधपुर पहुंचे शेखावत का मित्रों एवं शुभचिंतकों ने स्वागत-अभिनंदन किया।
देर रात निवास पर हुआ स्वागत
जोधपुर पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री के निवास स्थान पर समर्थकों और स्नेहीजनों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। निवास पर आतिशबाजी भी की गई।
शेखावत ने अपनी दोनों बेटियों सुहासिनी और सुरंगमा, धर्मपत्नी नोनद कंवर, परिवार के सदस्यों तथा शुभचिंतकों के साथ केक काटा। इस दौरान मौजूद लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
दिनभर निवास पर रहेंगे शेखावत
जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज दिनभर जोधपुर स्थित अपने निवास पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान मित्रों, पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आमजन के उनसे मिलने और शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
स्थानीय स्तर पर शेखावत के जन्मदिन को लेकर समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह नजर आया।
























































