लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) अखिल भारतीय खटीक समाज (रजि. 441) के तत्वावधान में “कल, आज और कल (विजन 2031)” विषय पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम को लेकर वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के भविष्य, संगठनात्मक मजबूती और विकास के लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम “खटीक समाज-एक स्वर्णिम अध्याय” थीम पर आधारित होगा। कार्यक्रम के सूत्रधार भवानी शंकर राजोरिया, ललित पंवार एवं विजय सांखला ने बताया कि यह आयोजन 31 मई 2026 को नई दिल्ली स्थित Constitution Club of India में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य खटीक समाज के विचारकों, प्रोफेशनल्स, उद्यमियों और सामाजिक प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर समाज के विकास के लिए साझा दृष्टिकोण तैयार करना है। आयोजन के माध्यम से समाज की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और वर्तमान सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर चिंतन किया जाएगा तथा युवा पीढ़ी को समाज के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रयास होगा।
आयोजकों ने बताया कि विजन 2031 के तहत आगामी वर्षों के लिए शिक्षा सहयोग एवं मेंटरशिप, व्यवसाय और नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म, महिला सशक्तिकरण एवं नेतृत्व विकास जैसे विषयों पर विशेष फोकस किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के उत्थान और विकास के लिए ठोस रोडमैप तैयार करने पर भी मंथन होगा।



















































