लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अधिकारियों ने शाम तक समाधान का दिया आश्वासन
श्रीगंगानगर। जिले के श्रीकरणपुर शहर के वार्ड नंबर 9 और 10 स्थित कच्ची थेड़ी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाओं और पुरुषों ने आम आदमी पार्टी नेता मनजीत सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को PHED कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
AEN और JEN का किया घेराव
प्रदर्शनकारियों ने PHED के सहायक अभियंता (AEN) और कनिष्ठ अभियंता (JEN) का घेराव कर पेयजल संकट पर नाराजगी जताई। महिलाओं ने अधिकारियों को बताया कि कई दिनों से घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे घरेलू कामकाज और दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों का आरोप था कि शिकायतों के बावजूद विभाग ने समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
अधिकारियों ने शाम तक सप्लाई बहाल करने का दिया भरोसा
लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए PHED अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि गुरुवार शाम 6 बजे तक पानी की सप्लाई शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा कि पानी घरों तक नहीं पहुंचने के कारणों की जांच कर स्थायी समाधान किया जाएगा।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और वापस लौट गए।
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
आम आदमी पार्टी नेता मनजीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो PHED कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन में वार्ड 9 और 10 की कच्ची थेड़ी क्षेत्र के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और स्थानीय नागरिक शामिल रहे।











































