जोधपुर सीजेपी कार्यकर्ताओं को पीटा, पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को लिया हिरासत में

0
19
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

शिक्षा बचाओ कार्यक्रम में हंगामा

मीडिया से कथित दुर्व्यवहार के बाद पत्रकारों ने कवरेज का किया बहिष्कार

जोधपुर। कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से रविवार को गांधी शांति प्रतिष्ठान में आयोजित ‘शिक्षा बचाओ’ कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब कार्यक्रम स्थल पर विरोध-प्रदर्शन और मीडिया कर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। घटना के विरोध में कुछ पत्रकारों ने कार्यक्रम की कवरेज छोड़ दी।

कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र और अन्य लोग विरोध जताने के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल के अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई।

कार्यक्रम के विरोध में पहुंचे कार्यकर्ता

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ एबीपी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, इस दौरान सीजेपी कार्यकर्ताओं और विरोध करने पहुंचे लोगों के बीच विवाद हुआ और मारपीट की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 10 से 15 लोगों को हिरासत में लिया।

वहीं, विरोध करने वाले पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया कि सीजेपी कार्यकर्ता कार्यक्रम  के जरिए माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे थे। पूरे घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए।

स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर सवाल

कार्यक्रम में शिक्षाविदों ने स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश और बिना अनुमति वीडियो बनाने को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि स्कूलों में पहले से अभिभावक समितियां गठित हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभिभावकों को स्कूल में आने की अनुमति होती है। वहीं, किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश के लिए विजिटर रजिस्टर जैसी व्यवस्थाएं मौजूद हैं।

ऐसे में बिना अनुमति स्कूल परिसर में प्रवेश करने या वीडियो बनाने से शैक्षणिक माहौल प्रभावित होने की आशंका जताई गई।

मीडिया से दुर्व्यवहार पर उठे सवाल

कार्यक्रम की कवरेज के दौरान मीडिया कर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी माना कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया को अपनी जिम्मेदारी निभाने से रोकना उचित नहीं है।

स्कूल ठीक करो अभियान’ को लेकर सियासत

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ को लेकर भी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। आयोजकों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाना और स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग करना है।

वहीं, इस अभियान को लेकर विरोध करने वालों की ओर से इसे राजनीतिक गतिविधि बताया जा रहा है।

हालांकि, लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्षी दल, सामाजिक संगठन या कोई भी दबाव समूह सरकार की नीतियों और व्यवस्थाओं में कमियों को लेकर धरना-प्रदर्शन या अभियान चला सकता है। ऐसे कार्यक्रमों का विरोध भी लोकतांत्रिक तरीके से किया जाना चाहिए। किसी भी पक्ष की ओर से हिंसा, धक्का-मुक्की या मीडिया के काम में बाधा डालना उचित नहीं माना जा सकता।

पुलिस का भारी जाब्ता रहा तैनात

विवाद की आशंका को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पुलिस का भारी जाब्ता तैनात रहा। जैसे ही कुछ छात्रों ने अंदर जाने का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद कुछ छात्रों को हिरासत में लिया गया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को शांत कराया गया।

पूरे घटनाक्रम के बाद ‘शिक्षा बचाओ’ कार्यक्रम अपने मूल मुद्दे से ज्यादा विवाद और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को लेकर चर्चा में आ गया।

 

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here