जोधपुर को मिली चिकित्सा सेवाओं की बड़ी सौगात

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

केंद्रीय मंत्री शेखावत और चिकित्सा मंत्री खींवसर ने किए कई लोकार्पण

जोधपुर। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने शनिवार को जोधपुर प्रवास के दौरान चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं उद्घाटन किया। इससे जोधपुर संभाग के सबसे बड़े चिकित्सा केंद्रों को नई सुविधाएं मिली हैं।

दौरे की शुरुआत में दोनों मंत्रियों ने मथुरादास माथुर अस्पताल के सामने करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए डेंटल कॉलेज का उद्घाटन किया। इसके बाद उम्मेद अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों के लिए बनाए गए 553 बेड क्षमता वाले नवीन पीजी छात्रावास का लोकार्पण किया गया। साथ ही मरीजों की बेहतर जांच सुविधा के लिए स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का भी शुभारंभ किया गया।

इसके अलावा के.एन. चेस्ट अस्पताल में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए ओपीडी भवन एवं पार्किंग क्षेत्र का उद्घाटन किया गया। वहीं एस.एन. मेडिकल कॉलेज परिसर में पिकलबॉल स्पोर्ट्स कोर्ट का भी लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि एक ही दिन में विभिन्न अस्पतालों में कई विकास कार्यों का उद्घाटन होना इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार जोधपुर की चिकित्सा सेवाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और प्रदेशभर की 23 हजार से अधिक चिकित्सा इकाइयां आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।

खींवसर ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गंभीर और जटिल मरीजों का उपचार किया जाता है तथा डॉक्टर हर मरीज की जान बचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here