लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद।(गौतम शर्मा) जिले के झोर क्षेत्र के गांवों और कस्बों में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और संस्थानों में राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण कर आजादी के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरियां निकालीं। भारत माता के जयकारों, देशभक्ति नारों और महापुरुषों के संदेशों से गांव-कस्बों की गलियां गूंज उठीं। प्रभात फेरियों में विद्यार्थियों के साथ ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। झोर विद्यालय में संस्था प्रधान मदनलाल बुनकर, गलवा विद्यालय में प्रधानाचार्य रेखा आमेटा, कुंवारिया में हीरालाल सालवी, फियावड़ी में राकेश चपलोत, कुंवारिया थाना परिसर में पूरण सिंह राजपुरोहित तथा कुंवारिया तहसील मुख्यालय पर तहसीलदार सुंदरलाल मीणा ने ध्वजारोहण किया। वहीं रूपाखेड़ा टोल परिसर में टोल मैनेजर राकेश कुमार दायमा के नेतृत्व में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, राजस्थानी लोकगीतों एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों के नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया तथा पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। 
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक, शिक्षक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह के समापन पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को नुक्ती की मिठाई वितरित की गई। स्वतंत्रता दिवस को लेकर बच्चों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।




















































