लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुबह सवा सात बजे से 10:30 बजे तक महसूस हुए झटके, घरों से बाहर निकले ग्रामीण; एहतियातन स्कूलों में छुट्टी
झालावाड़। जिले के पीड़ावा उपखंड क्षेत्र के नोलाई गांव में मंगलवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब सवा सात बजे से 10:30 बजे तक चार बार झटके महसूस किए गए। जमीन में कंपन और धमाके जैसी आवाज के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सड़क पर जमा हो गए।
भूकंप के झटके महसूस होते ही ग्रामीणों ने एहतियात के तौर पर अपने मवेशियों को भी घरों से बाहर निकाल लिया। अचानक आए झटकों से लोगों में काफी देर तक भय का माहौल बना रहा।
आसपास के गांवों में भी महसूस हुए झटके
नोलाई के अलावा भूरखेड़ी, खजूरी, बरखेड़ी और आवर सहित आसपास के कई गांवों में भी भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहला झटका करीब सवा सात बजे धमाके जैसी आवाज के साथ महसूस हुआ। इसके बाद तीन और झटके आए। कंपन महसूस होने के बाद ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा प्रशासन
भूकंप की सूचना मिलते ही पीड़ावा पुलिस और प्रशासन की टीम नोलाई पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी है।
कई गांवों के स्कूलों में कराई छुट्टी
भूकंप के झटकों को देखते हुए प्रशासन ने नोलाई सहित आसपास के कई गांवों के विद्यालयों में एहतियातन छुट्टी करवा दी। आवर, लाड़खेड़ा, नोलाई, खजूरी, भूरखेड़ी और बरखेड़ी सहित अन्य गांवों के स्कूलों में विद्यार्थियों को छुट्टी देकर सुरक्षित रूप से घर भेज दिया गया।
भू-वैज्ञानिकों की टीम जांच के लिए रवाना
घटना के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। भूकंप के झटकों की वास्तविक स्थिति और कारणों की जांच के लिए भू-वैज्ञानिकों की टीम मौके पर जांच के लिए रवाना हो चुकी है।
फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट: सुनील निगम | झालावाड़


















































