लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने लाभार्थियों को सौंपी चाबियां, आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश
नागौर। प्रदीप कुमार डागा। जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में टाउन हॉल, नागौर में दिव्यांगजन स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जायल विधायक कोष से स्वीकृत 16 स्कूटियां पीडब्ल्यूडी, महिला एवं बाल विकास एवं बाल अधिकारिता राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने लाभार्थियों को वितरित कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मंजू बाघमार ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना के अनुरूप योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
आवागमन में मिलेगी सुविधा
राज्यमंत्री ने कहा कि स्कूटी मिलने से दिव्यांगजनों को दैनिक आवागमन में सुविधा होगी। वे शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए अधिक आसानी से आवागमन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह सुविधा उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने में सहायक होगी।
डॉ. बाघमार ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए स्कूटी का सुरक्षित उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
इन लाभार्थियों को मिली स्कूटी
कार्यक्रम में डेह के इमरान, श्यामसर के ओमप्रकाश, दुगोली के चेनाराम, धाननी के नन्दूसिंह, सोनेली के नीरसिंह, नेतड़ो का बास जायल के पवन कुमार, जायल के पूर्णाराम, खेतास के बाबूलाल, खाटू कलां के ब्रह्मानन्द, बोड़वा के भंवरलाल, खिंयाला के मनोज कुमार, सांडिला के मोतीराम, झाड़ेली के रामदेव, सोनेली के रामनिवास, ज्याणी के शिवराज टाक और श्यामसर के हेमाराम को स्कूटियां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंकरिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक जगदीश चांगल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।























































