लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
2 लाख श्रद्धालुओं ने किया कल्पवृक्ष का पूजन
राजा-रानी और राजकुमार के नाम से प्रसिद्ध कल्पवृक्ष की पूजा के लिए तड़के से लगी कतारें, मेले में झूले और दुकानों पर भी रही भारी भीड़
पीसांगन, अजमेर। (ओमप्रकाश चौधरी) हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर पीसांगन उपखंड के मांगलियावास स्थित ऐतिहासिक कल्पवृक्ष धाम में बुधवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कल्पवृक्ष मेले में करीब 2 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। तड़के से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
कल्पवृक्ष की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि
मान्यता के अनुसार हरियाली अमावस्या के दिन कल्पवृक्ष के पवित्र जोड़े के नीचे सच्चे मन से की गई मनोकामना पूरी होती है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने राजा, रानी और राजकुमार के नाम से प्रसिद्ध पवित्र वृक्षों को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं ने वृक्षों पर कुमकुम, रोली, मौली, अक्षत, मिष्ठान, नारियल और वस्त्र अर्पित किए। कुंवारी कन्याओं ने अच्छे वर की कामना की, जबकि सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए पूजा की।
श्रद्धालुओं द्वारा बांधी गई मौलियों से कल्पवृक्ष के तने ढक गए और पूजा सामग्री का ढेर लग गया।
झूलों और दुकानों पर भी उमड़ी भीड़
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया। गगनचुंबी झूलों और चकरी में बच्चों और युवाओं की भीड़ नजर आई। वहीं मिठाई, चाट, पकौड़ी, आइसक्रीम सहित विभिन्न दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ब्यावर-अजमेर डिपो की ओर से मेला स्पेशल बसों का संचालन किया गया। आयुर्वेद विभाग के उप स्वास्थ्य केंद्र पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात
मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। पीसांगन बीडीओ साजिया तबस्सुम, ग्राम विकास अधिकारी रमेश चौधरी और मांगलियावास थानाधिकारी हरीश चौधरी के साथ पीसांगन, नसीराबाद, गेगल और पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
जनप्रतिनिधियों ने भी की शिरकत
मेले में नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, नसीराबाद विधानसभा प्रत्याशी शिवप्रकाश गुर्जर, पीसांगन प्रधान दिनेश नायक, सीआर प्रदीप वाल्मीकि और ब्रिकचियावास सरपंच भैरूलाल धांधड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे।
मेले के सफल आयोजन में सरपंच दुर्गेंद्र सिंह राठौड़, कल्पवृक्ष धाम संस्था अध्यक्ष रामदेव पूनिया, उपाध्यक्ष रामदेव गुर्जर, सचिव छोटूलाल जाखड़, उपसरपंच शंकरलाल पूनिया, मंडल अध्यक्ष संजय सोनी, वार्ड पंच कंचन देवी सहित पंचायत एवं आयोजन समिति से जुड़े लोगों ने सहयोग किया।


















































