लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एकलिंगपुरा-महेंद्रगढ़ समेत आसपास के गांवों को भी ई-बस नेटवर्क से जोड़ने की मांग
सत्यनारायण सेन गुरला
भीलवाड़ा/गंगापुर। क्षेत्र के यात्रियों और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। नगर निगम प्रशासन ने पीएम ई-बस सेवा का विस्तार करते हुए गुरला-कारोई रूट को गंगापुर तक बढ़ा दिया है। इससे गंगापुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय भीलवाड़ा तक सीधी ई-बस सुविधा मिल सकेगी।
ई-बस सेवा के विस्तार से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा। खास तौर पर कॉलेज विद्यार्थियों को निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
कई रूटों का बढ़ा दायरा
नए रूट प्लान के तहत कारोई जाने वाली ई-बस अब गंगापुर तक संचालित होगी। बागौर रूट में सुरास और डेढ़वास गांवों को जोड़ा गया है। वहीं पिथास, अमरगढ़ और भीलड़ी होते हुए बागौर के लिए नया सीधा रूट तैयार किया गया है।
बड़ा महुआ रूट कोटड़ी तक बढ़ाया गया है, जबकि गाडरमाला की बस अब गुरलां और कारोई तक जाएगी। आमां रूट की बस को सुठेपा और कोचरिया रूट को टहूंका चौराहा तक विस्तारित किया गया है।
लुहारिया के लिए बस अब भगवानपुरा होकर संचालित होगी। इसके अलावा भीलवाड़ा से सवाईपुर-आकोला होते हुए सुठेपा तक नया रूट भी शुरू किया गया है।
बांकली कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी सुविधा
ई-बस के नए रूट से प्रमुख चौराहों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। बांकली कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों को नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने से निजी साधनों पर निर्भरता कम हो सकती है।
शनिवार से सोमवार तक कवालियास महादेव के लिए विशेष सेवा
यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रूट भी निर्धारित किया गया है। शनिवार, रविवार और सोमवार को रायला रूट की ई-बस कवालियास महादेव तक जाएगी। इससे धार्मिक स्थल तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सीधी बस सुविधा उपलब्ध होगी।
एकलिंगपुरा-महेंद्रगढ़ को ई-बस से जोड़ने की मांग
ई-बस सेवा का विस्तार होने के साथ ही एकलिंगपुरा-महेंद्रगढ़ क्षेत्र को भी इस नेटवर्क में शामिल करने की मांग उठी है।
महेंद्रगढ़ सरपंच प्रतिनिधि रामधन सोमानी ने कहा कि महेंद्रगढ़-एकलिंगपुरा क्षेत्र में जिला मुख्यालय से सरकारी बस सेवा की पर्याप्त कनेक्टिविटी नहीं होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस रूट पर ई-बस सेवा शुरू करने की मांग की।
वहीं ओबीसी मोर्चा जिला मंत्री तुलसीराम सेन ने एकलिंगपुरा, महेंद्रगढ़, तिलोली और सांगवा को कारोई-गुरला ई-बस रूट से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि जल्द ही निगम अधिकारियों को पत्र देकर इस रूट पर बस संचालन की मांग दोहराई जाएगी।
निगम ने मांगे जनता से सुझाव
नगर निगम प्रशासन ने ई-बस सेवा को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से रूट, समय-सारणी और स्टॉपेज को लेकर आमजन से सुझाव मांगे हैं।
यात्री रेलवे स्टेशन, अस्पताल, नागरिक नगर चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों को रूट में शामिल करने संबंधी सुझाव निगम कार्यालय में दे सकते हैं। प्राप्त सुझावों के आधार पर भविष्य में बसों के रूट और ठहराव में आवश्यक बदलाव किए जा सकेंगे।























































