लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
टोंक/दूनी। नगरपालिका मुख्यालय दूनी में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है। नलों से साफ पानी की बजाय फ्लोराइड युक्त, अशुद्ध और दुर्गंधयुक्त पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार घरों में आने वाला पानी पीने योग्य नहीं है। पानी से उठ रही तेज बदबू के कारण दैनिक उपयोग भी मुश्किल हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि लोग मजबूरी में वैकल्पिक साधनों की तलाश कर रहे हैं।
इस दूषित पानी का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कस्बे में उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी जलजनित बीमारियों के मरीजों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग पर भी दबाव बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह स्थिति संबंधित विभाग की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। समस्या को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और वे शीघ्र समाधान की मांग कर रहे हैं।
जनता ने प्रशासन और जलदाय विभाग से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। साथ ही बीसलपुर परियोजना से पानी की मात्रा बढ़ाकर दूनी क्षेत्र में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।


















































