लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक के मुखौटे में किया सांकेतिक उद्घाटन
चौमहला। राजस्थान और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले धतूरिया चंबल पुल का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा रहने के विरोध में युवक कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश की ओर नदी किनारे क्षतिग्रस्त पुलिया पर फीता काटकर सांकेतिक उद्घाटन किया और पूर्व मंत्री व सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग का मुखौटा पहनकर सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
सीतामऊ ब्लॉक युवक कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बरोला के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में आई बाढ़ में धतूरिया चंबल पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन करीब सात वर्ष बीत जाने के बाद भी पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका। इसके कारण दोनों राज्यों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
युवक कांग्रेस का कहना है कि पुल निर्माण में लगातार हो रही देरी से ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर क्षेत्र की जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया और पुल निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।















































