डीग में कांग्रेस की प्रेस वार्ता

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 महिला आरक्षण, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना

डीग (राजस्थान)। जिला कांग्रेस कमेटी डीग द्वारा लाला की धर्मशाला में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण बिल को लेकर जनता को भ्रमित करने तथा बेरोजगारी, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजस्थान की पूर्व मंत्री ममता भूपेश रहीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि नारी वंदना आरक्षण बिल 22 सितंबर 2023 को लोकसभा में पारित हुआ और राष्ट्रपति की स्वीकृति भी मिल चुकी है, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा तीन वर्षों से उसका नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया, जिससे सरकार की नीयत पर सवाल उठते हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव प्रक्रिया और अन्य संवैधानिक कार्यों में गंभीरता नहीं दिखा रही है। साथ ही उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा चुनाव न कराने पर भी विरोध दर्ज कराया।

राजीव चौधरी ने बताया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत ग्राम अध्यक्षों की नियुक्ति और कार्यकारिणी गठन के निर्देश 30 अप्रैल तक दिए गए हैं।

पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस हमेशा से महिला सशक्तिकरण की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को परिसीमन और जनगणना से जोड़कर सरकार राजनीतिक ढांचा बदलने का प्रयास कर रही है, जो संविधान पर आघात है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्वेता यादव ने भी भाजपा पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता सच्चाई समझ रही है।

कार्यक्रम के दौरान कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिनमें ब्लॉक अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, सरपंच एवं अन्य स्थानीय नेता शामिल रहे। ममता भूपेश का भरतपुर से राजस्थान बॉर्डर तक कई स्थानों पर स्वागत भी किया गया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here