कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 

0
12
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। जिला सड़क सुरक्षा समिति की 31वीं बैठक सोमवार को जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं और यातायात सुरक्षा उपायों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर ने जिले के चिन्हित 40 दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) पर चल रहे सुधार कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सुरपालिया बाईपास, हरीमा, भदाना, बासनी फ्लाईओवर, पीएचईडी चौराहा नागौर, थावला बाईपास और पाडू बाईपास सहित प्रमुख स्थलों पर प्रगति की जानकारी ली।

कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने निर्देश दिए कि सभी 40 ब्लैक स्पॉट्स का अनुभवी सड़क सुरक्षा ऑडिटर से ऑडिट कराकर रिपोर्ट तैयार की जाए तथा उसके अनुसार सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

आपातकालीन सेवाओं पर विशेष जोर

उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए हाईवे एम्बुलेंस सेवाओं का ऑडिट और मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए। साथ ही आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की उपलब्धता बढ़ाने और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती के निर्देश

कलेक्टर ने सड़क सीमा क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने, सड़क सीमाओं के स्पष्ट चिह्नीकरण तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और काले शीशे लगे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा।

स्वास्थ्य जांच अभियान पर भी चर्चा

उन्होंने 5000 वाहन चालकों की नेत्र जांच कर आवश्यकतानुसार चश्मे वितरित करने, स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच और बस चालकों की आंखों की जांच की कार्ययोजना की समीक्षा की।

बैठक में ट्रॉमा सेंटर व्यवस्थाओं और एम्बुलेंस सेवाओं की नियमित ऑडिट व फिटनेस जांच पर भी चर्चा की गई।

बैठक में परिवहन, पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सार्वजनिक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) अजमेर एवं नागौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here