लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पहली बार आयोजित हुआ विशेष धार्मिक कार्यक्रम, मंदिर परिसर गणपति के जयकारों से गूंजा
गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद। कुंवारिया कस्बे के रावली पोल स्थित प्राचीन चतुर्भुज गणेश मंदिर में रविवार को विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। इस अवसर पर भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया और महाआरती का आयोजन किया गया। पहली बार आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान चतुर्भुज गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
सोहनलाल एवं किशन प्रजापत ने बताया कि भगवान गणेशजी को विधि-विधान से छप्पन भोग धराया गया। आयोजन को लेकर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम को आयोजित महाआरती में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
छापर वाले हनुमानजी के पुजारी श्यामसुंदर दास ने विशेष महाआरती कर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर गणपति के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान चतुर्भुज गणेश से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच दौलत सिंह शतावत, राजेश्वरी सेन, यशोदा देवी पोरवाल, सोहन सालवी, किशन प्रजापत, कमलेश महात्मा, भेरू सेन, राजू बंजारा, प्रभुलाल गाडरी, कपिल काबरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




















































