लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता (राजस्थान)
राजस्थान की भजनलाल सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से अजमेर नगर निगम परिसर में आयोजित विशेष शहरी सेवा शिविर का मंगलवार को राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी और देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश भडाणा ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अतिथियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर ही जरूरतमंदों को जन्म प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र तथा विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता राशि वितरित की।
‘जनसेवा सर्वोपरि’ के संकल्प के साथ काम कर रही सरकार
मीडिया से बातचीत में डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘जनसेवा ही सर्वोपरि’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि सरकार स्वयं उनके वार्डों और गांवों तक पहुंचकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान कर रही है।
अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए डॉ. चतुर्वेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने भूखंडों के पट्टों से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और पट्टा वितरण योजना के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
लाभार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र और स्वनिधि योजना के चेक
कार्यक्रम के दौरान डॉ. चतुर्वेदी और ओम प्रकाश भडाणा ने कई लाभार्थियों को जन्म एवं विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र वितरित किए। साथ ही छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण सहायता राशि के चेक भी सौंपे गए।
देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश भडाणा ने कहा कि शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से राज्य सरकार द्वारा शिविरों में दी गई विभिन्न सुविधाओं और शिथिलताओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
इस दौरान शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, मंडल अध्यक्ष रचित कच्छावा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।













































