लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर। (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक हरकत सामने आई है। जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में ड्रोन के जरिए गिराए गए हेरोइन के पैकेट को बरामद किया गया है।
खेत में मिला संदिग्ध पैकेट
जानकारी के अनुसार गांव 3 BWSM निवासी किसान आत्माराम अपने खेत में फसल काट रहा था, तभी उसे एक संदिग्ध पैकेट नजर आया। किसान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही समेजा थाना पुलिस और Border Security Force (BSF) की टीम मौके पर पहुंची और पैकेट को कब्जे में लिया।
759 ग्राम हेरोइन जब्त
जांच के दौरान पैकेट में 759 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में इसे पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराया जाना माना जा रहा है।
पहले भी मिल चुका है हथियार
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही रायसिंहनगर क्षेत्र में खेत से विदेशी पिस्टल और मैगजीन का पैकेट भी मिला था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
⚠️ साजिश की आशंका
एजेंसियों का मानना है कि ड्रोन के जरिए नशा और हथियार भेजकर पंजाब व श्रीगंगानगर क्षेत्र में अशांति फैलाने की साजिश की जा रही है।
⚖️ मामला दर्ज, सर्च अभियान जारी
समेजा पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और BSF की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि बॉर्डर पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है तथा ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।


















































