लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धरियावद। धरियावद–सलूम्बर मार्ग पर मंगलवार देर रात करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा टल गया, जब सामने से आ रहे अज्ञात वाहन की तेज रोशनी के कारण एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर 11 केवी लाइन के बिजली पोल से जा टकराई। हादसे में पोल पूरी तरह टूट गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
कार चालक युवराज मीणा (निवासी–गुना, मध्यप्रदेश) को आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बाहर निकाला। घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने पर थानाधिकारी कमलचंद मीणा के निर्देश पर एएसआई नाथूलाल मीणा जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग को लाइन बंद करने की जानकारी दी। कार बस स्टैंड से सलूम्बर रोड की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
बिजली विभाग के जेईएन महेश मीणा ने बताया कि टक्कर में बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होने के साथ ही आसपास के कई घरों के मीटर भी टूट गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद की गई है। विभाग की टीम बुधवार को नया पोल लगाकर सप्लाई बहाल करेगी।
















































