लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कड़े मुकाबले में जसकरण गोदारा बने अध्यक्ष, सतनाम सिंह उपाध्यक्ष और विनय गर्ग सचिव
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर: श्रीकरणपुर बार संघ के वर्ष 2025-26 के चुनाव आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। 72 वर्षों के इतिहास में यह तीसरी बार है जब अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के लिए मतदान हुआ, पहले अधिकतर पदाधिकारी निर्विरोध चुने जाते रहे।
मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट कुलदीप सिंह और सहायक चुनाव अधिकारी एडवोकेट गौरव बिश्नोई की देखरेख में चुनाव पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ। बार संघ श्रीकरणपुर में कुल 69 एडवोकेट मतदाता हैं, जिनमें से एक (एडवोकेट गौरववीर सिंह) विदेश में होने के कारण मतदान नहीं कर पाए। इस प्रकार कुल 68 वोट डाले गए।
अध्यक्ष पद के लिए जसकरण गोदारा और विकास खिचड़ के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। जसकरण गोदारा ने 34 वोट हासिल कर विकास खिचड़ (33 वोट) को मात्र एक वोट के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
उपाध्यक्ष पद के लिए सतनाम सिंह बराड़ और एडवोकेट सुरेश गोयल आमने-सामने थे। 68 मतों में सतनाम सिंह को 38 और सुरेश गोयल को 28 वोट मिले, 2 मत निरस्त हुए। इस तरह सतनाम सिंह बराड़ उपाध्यक्ष पद पर विजयी रहे।
सचिव पद के लिए एडवोकेट विनय गर्ग और इंद्राज सेजू के बीच मुकाबला हुआ। विनय गर्ग ने 36 वोटों के साथ इंद्राज सेजू (31 वोट) को हराकर सचिव पद पर जीत हासिल की।
चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न होने पर चुनाव अधिकारियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। पूर्व अध्यक्ष दलजीत सिंह बराड़ ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले वर्ष 2019 और 2022 में भी मतदान हुआ था, जिनमें दोनों बार एडवोकेट जगदीश डाबला अध्यक्ष चुने गए थे।




















































