लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार पिछड़े, वंचित एवं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का उजियारा पहुंचाने एवं जीवन स्तर सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। डबल इंजन सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सामाजिक न्याय के आदर्शों पर चलते हुए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बाबा साहेब के सपनों को साकार करते हुए समाज के सभी वर्गों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को जयपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के सिद्धांतों और आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब की शिक्षा और दृष्टिकोण राज्य सरकार की कार्यप्रणाली की बुनियाद हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना एवं आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ विशेष रूप से पिछड़े और वंचित वर्गों तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री द्वारा की गई प्रमुख घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में 200 अंबेडकर ई-लाइब्रेरी स्थापित करने तथा अंबेडकर पीठ, मूंडला (जयपुर) में अंबेडकर आवासीय कोचिंग केंद्र की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता भी प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने पेंशन एवं पालनहार योजना के तहत 1,363 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। उन्होंने 10 छात्रावास भवनों का लोकार्पण और 17 भवनों का शिलान्यास किया। साथ ही एआई आधारित ‘हेल्प डेस्क समाधान साथी’ का शुभारंभ भी किया।
कार्यक्रम में विशेष योग्यजनों को सहायक उपकरण एवं कन्यादान योजना के लाभार्थियों को राशि वितरित की गई। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
सामाजिक न्याय एवं योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार के मामलों में 28 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से लाखों विद्यार्थियों को लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा दलित-आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत भी हजारों लाभार्थियों को सहायता दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लागू कर रही है और राजस्थान सामाजिक विकास के क्षेत्र में देश में अग्रणी बन रहा है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल सहित कई मंत्री, विधायक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।




















































