Home latest 8वें राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े में राजस्थान में नौनिहालों के स्वास्थ्य और मस्तिष्क...

8वें राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े में राजस्थान में नौनिहालों के स्वास्थ्य और मस्तिष्क विकास पर फोकस

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री   भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में 8वां राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप लेते हुए स्वस्थ राजस्थान की मजबूत नींव तैयार कर रहा है। 9 अप्रैल से शुरू हुए इस पखवाड़े में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए बच्चों के प्रारंभिक छह वर्षों में उनके मस्तिष्क के सर्वोत्तम विकास को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

इस अभियान के तहत बच्चों में स्क्रीन टाइम में कमी लाने, प्रारंभिक वर्षों में खेल आधारित शिक्षा तथा मातृ एवं शिशु पोषण को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। 23 अप्रैल तक चलने वाले इस पखवाड़े में अब तक 20 लाख से अधिक गतिविधियां सफलतापूर्वक संचालित की जा चुकी हैं।

पखवाड़े के माध्यम से परिवारों और समुदायों में उन पोषण संबंधी प्रथाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है, जो स्वस्थ जीवन और मस्तिष्क विकास में सहायक हैं। यह अभियान आंगनवाड़ी नेटवर्क और सामुदायिक संस्थाओं की मदद से पोषण सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मस्तिष्क का 85 प्रतिशत से अधिक विकास छह वर्ष की आयु तक हो जाता है, जिसमें सबसे तीव्र विकास पहले 1000 दिनों के दौरान होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ‘मस्तिष्क के विकास के लिए प्रारंभिक प्रोत्साहन’ गतिविधि संचालित की जा रही है, जिसके तहत अब तक 4 लाख 89 हजार से अधिक गतिविधियां पूरी हो चुकी हैं।

पखवाड़े के अंतर्गत अब तक मातृ एवं शिशु पोषण श्रेणी में 6 लाख 82 हजार से अधिक, प्रारंभिक वर्षों में खेल आधारित शिक्षा श्रेणी में 3 लाख 83 हजार से अधिक तथा स्क्रीन टाइम कम करने से संबंधित 2 लाख 42 हजार से अधिक गतिविधियां आयोजित की गई हैं। वहीं आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने के लिए 1 लाख 76 हजार से अधिक गतिविधियां तथा अन्य श्रेणी में 27 हजार 671 से अधिक गतिविधियां संचालित की गई हैं।

उल्लेखनीय है कि पोषण अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा 8 मार्च 2018 को राजस्थान के झुंझुनूं से किया गया था। इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और 0-6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना है।

राजस्थान ने पोषण अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। गत वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह में राज्य ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि सप्तम पोषण पखवाड़े में राजस्थान को प्रथम स्थान मिला था।

8वें राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े के अंतर्गत प्रमुख गतिविधियां

  • मातृ एवं शिशु पोषण: गर्भावस्था में सर्वोत्तम पोषण, स्तनपान और पूरक आहार को बढ़ावा।
  • मस्तिष्क विकास (0-3 वर्ष): देखभाल और प्रारंभिक शिक्षण संवाद को प्रोत्साहन।
  • खेल आधारित शिक्षा (3-6 वर्ष): समग्र विकास और विद्यालय तैयारी में सहयोग।
  • स्क्रीन टाइम में कमी: माता-पिता और समुदाय की सक्रिय भूमिका।
  • आंगनवाड़ी सशक्तिकरण: जनभागीदारी और सीएसआर के माध्यम से सेवाओं का सुदृढ़ीकरण।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version