लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। भारतीय किसान यूनियन के श्रीगंगानगर जिलाध्यक्ष संदीप सिंह केरा सहित 31 कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई और भाजपा परिवार में स्वागत किया।
किसान नेता पृथ्वीपाल सिंह संधु के नेतृत्व में संदीप सिंह केरा और उनके समर्थकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की विकास योजनाओं से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, किसान हित और जनसेवा के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न वर्गों के लोगों का भाजपा के प्रति बढ़ता विश्वास यह दर्शाता है कि जनता विकास, सुशासन और पारदर्शी कार्यशैली के साथ खड़ी है।
उन्होंने नए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की विचारधारा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन को मजबूत करें।
इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल विश्नोई, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल तथा भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी विजेंद्र पूनिया सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभी नेताओं ने भाजपा में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।