लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पंचायत और निकाय चुनाव की रणनीति पर हुआ मंथन
डग (झालावाड़)। आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश सह प्रभारी पूनम पासवान के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार शाम डग स्थित भेरू महाराज मंदिर परिसर में कांग्रेस की विधानसभा स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान को तेज करने और प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने पर जोर दिया। 
कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे आमजन के बीच पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से रखें। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अनुशासन, निष्ठा और एकजुटता के साथ आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर, विधानसभा प्रभारी नेमीचंद गुर्जर, डग विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चेतराज गहलोत, डग ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, भवानीमंडी ब्लॉक अध्यक्ष रोड सिंह परमार, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष वर्षा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कांग्रेस एससी विभाग के पदाधिकारियों ने प्रदेश सह प्रभारी पूनम पासवान को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंट कर सम्मान किया।