लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर। जिले में नकली नोटों के अवैध कारोबार पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशों और DYSP प्रशांत कौशिक के निर्देशन में की गई। पुलिस और मुखबिर तंत्र की सजगता से नकली नोटों का यह नेटवर्क उजागर हुआ, जो अनूपगढ़ क्षेत्र में सक्रिय बताया जा रहा था।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरविंद्र सिंह उर्फ ताड़ी (26) और चंद्रभान (33) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चक 5 LSM गांव बांडा, अनूपगढ़ के निवासी हैं। पुलिस जानकारी के अनुसार, दोनों नकली नोटों को अनूपगढ़ बाजार में चलाने की फिराक में थे और इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों से कुल 44 हजार रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद किए हैं। इनमें हरविंद्र सिंह से 500 रुपये के 42 नकली नोट जबकि चंद्रभान से 500 रुपये के 46 नकली नोट मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नकली नोटों को संचालित करने की कोशिश कर रहे थे और स्थानीय बाजारों में इन्हें खपाने की योजना बना रहे थे।
कार्रवाई में थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ के नेतृत्व और बांडा चौकी प्रभारी ASI कालू राम की टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही। नकली नोटों की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
इस संबंध में श्रीगंगानगर जिले के सदर थाने में ASI कालू राम की ओर से मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी नकली नोट कहां से लाते थे और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नकली नोटों के अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा।








































