16 घंटे बाद कुएं से निकाले गए मां-बेटे के शव, पीहर पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

0
25
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सिरोही ।

रेवदर उपखंड क्षेत्र के वरमान गांव में चार वर्षीय बेटे के साथ महिला के कुएं में कूदने की दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। करीब 16 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह मां और मासूम बेटे के शव कुएं से बाहर निकाले गए। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है।

रातभर चला रेस्क्यू अभियान

जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम महिला अपने चार वर्षीय बेटे को लेकर घर से निकली थी। कुछ समय बाद दोनों के कुएं में गिरने की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत दल सक्रिय हुए। देर रात एसडीआरएफ एवं आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा और कुएं की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

करीब 16 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह दोनों शव कुएं से बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल भिजवाया गया।

गांव में पसरा मातम

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। पूरे गांव में मातम का माहौल रहा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पुलिस जाब्ता भी तैनात किया।

घटनास्थल पर राजन लोहिया, जगसीराम कोली तथा थाना प्रभारी फगलू राम पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

पीहर पक्ष ने लगाए प्रताड़ना और हत्या के आरोप

घटना के बाद मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि महिला को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस बोली— हर पहलू से होगी जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here