
मानसून के मद्देनजर अधिकारियो को आवश्यक कार्यों को पूर्ण करने के दिए निर्देश
डीग। (मुकेश सैनी ब्यूरो चीफ )संभागीय आयुक्त ने कहा कि अधिकारी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जिले में प्रत्येक आमजन को बिजली, पानी एवं बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक जल पहुंचे एवं समुचित जलापूर्ति की जाए इस दिशा में अधिकारी कार्य करे। घरों तक पेयजल पहुंचाने वाले टैंकर की समय पर भुगतान करने को कहा गया साथ ही टैंकर के बिल को संबंधित एसडीएम द्वारा सत्यापन करवाने के भी निर्देश दिए गए।

संभागीय आयुक्त भरतपुर सांवरमल वर्मा शुक्रवार को पंचायत समिति डीग में जिला स्तरीय अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जिला कलेक्टर डीग श्रुति भारद्वाज ने आयुक्त को जिले में किए जा रहे कार्यों से अवगत करवाया एवं पीपीटी के माध्यम से विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट से उन्हे विदित करवाया। आयुक्त ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों की अक्षरशः पालन सुनिश्चित करे । मॉनसून को देखते हुए एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को जेजेएम मॉनिटर करने, नाले व सीवर साफ रखने, पर्याप्त दवाई सुनिश्चित करने, सुचारू कंट्रोल रूम संचालन करने, जर्जर भवनों का चिन्हितकरण करने एवं आमजन को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश दिए गए है। विशेष रूप से शहरी निकाय, ग्राम विकास विभाग, सिंचाई विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सक्रिय होकर कार्य करने को कहा गया है।

बैठक के पश्चात आयुक्त ने जनसुनवाई की। जनसुनवाई में कुल 27 प्रकरण दर्ज किए गए। जिनमे से काफी प्रकरणों का मौके पर निस्तारण करने को कहा गया है। इस दौरान खाद्य सुरक्षा, प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि योजना, सड़क निर्माण, गरीबा मोहल्ला में नाले की गंदगी सड़क से साफ करवाने, आवारा पशु के रोकथाम के लिए दीवार निर्माण, चंबल कनेक्शन दिलवाने, मनरेगा में काम लेने आदि के संबंध में परिवाद प्राप्त हुए। वर्मा ने समस्त परिवाद के लिए संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया है कि वे समयबद्ध तरीके से आमजन की समस्याओं का निस्तारण करवाना सुनिश्चित करे।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर संतोष कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम, एसई पीडब्ल्यूडी रूपेश, उपखंड अधिकारी डीग रवि गोयल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी विजय सिंघल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

















































