लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने स्पष्ट किया है कि झालावाड़ जिले के कामखेड़ा बालाजी प्रांगण में सांसद दुष्यंत सिंह की पदयात्रा के दौरान हुए उनके संवाद को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है, जो पूरी तरह निराधार और एक साजिश का हिस्सा है।
राजे ने कहा, “मैंने कभी पद की बात नहीं की। मेरे लिए जनता के प्यार से बड़ा कोई पद नहीं है, जो मुझे सर्वाधिक मिल रहा है।”
उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजर रही फोरलेन सड़क के बाइपास एलाइमेंट को लेकर स्थानीय लोग परिवर्तन की मांग कर रहे थे। इसी संदर्भ में उन्होंने उदाहरण देते हुए धौलपुर स्थित अपने घर का उल्लेख किया, जहाँ राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के कारण उन्हें स्वयं अपने घर की बाउंड्री पीछे करनी पड़ी थी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “जब मैं अपने लिए नहीं लड़ सकी और नियमों के कारण मेरा घर ही सड़क में आ गया, तो किसी और के लिए मैं कैसे कुछ अलग कर सकती हूँ।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि झालावाड़ उनके लिए कोई राजनीतिक क्षेत्र नहीं बल्कि एक परिवार जैसा है, जहाँ के लोगों से उनका हमेशा आत्मीय और अनौपचारिक संवाद रहता है।
राजे ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश करना दुर्भावनापूर्ण है और इसे अनावश्यक विवाद का रूप देना साजिश के अलावा कुछ नहीं है।


















































