केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे बीकानेर की सांचू पोस्ट, जवानों से की मुलाकात

0
30
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

बीकानेर/जयपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah मंगलवार को बीकानेर स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की सांचू पोस्ट पहुंचे, जहां उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma भी उनके साथ मौजूद रहे।

गृह मंत्री ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के सीमा प्रहरी कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा, वीरता और साहस के साथ देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बीएसएफ जवानों ने सीमावर्ती जिलों के नागरिकों का मनोबल बनाए रखते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने में अहम भूमिका निभाई।

शहीदों को नमन, जवानों से की राम-राम

अमित शाह ने बीएसएफ के दो हजार से अधिक शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश को उनके सर्वोच्च बलिदान पर गर्व है। उन्होंने जवानों से आत्मीय संवाद किया और उनके साथ जलपान भी किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सीमाओं पर तैनात बीएसएफ जवानों को आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्ष 2014 के बाद सीमा सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं और सुरक्षा बलों का आधुनिकीकरण हुआ है।

बीएसएफ, सेना और नागरिक मिलकर बनाएं मजबूत सुरक्षा ग्रिड

गृह मंत्री ने कहा कि सीमाओं की अभेद्य सुरक्षा के लिए बीएसएफ, सेना, जागरूक नागरिक और प्रशासन मिलकर मजबूत चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड तैयार करें। उन्होंने सीमापार अतिक्रमण, स्मगलिंग और घुसपैठ पर पैनी नजर रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सीमांत गांवों के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है और आने वाले छह माह में ड्रोन रोधी तकनीक भी शुरू की जाएगी।

महिला जवानों के लिए 14 बैरकों का ई-लोकार्पण

इस अवसर पर अमित शाह ने राजस्थान की सीमा चौकियों पर नवनिर्मित 14 महिला बैरकों का ई-लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि राजस्थान में महिला जवानों के लिए 40 करोड़ रुपये की लागत से 79 बैरक स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 67 का कार्य पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि देश की बेटियां आज सीमा सुरक्षा में बेटों से दो कदम आगे हैं और वर्ष 2030 तक उनके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

सांचू पोस्ट को बताया ऐतिहासिक

गृह मंत्री ने सांचू पोस्ट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान भारतीय जवानों ने पाकिस्तान के कब्जे के प्रयास को विफल कर सांचू पोस्ट की रक्षा की थी। उन्होंने कहा कि यह पोस्ट भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

अमित शाह ने सांचू माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा खेजड़ी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पौधारोपण किया।

इस दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री Arjun Ram Meghwal, गृह सचिव गोविंद मोहन, बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सेना के जवान मौजूद रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here