लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देने पर उनका आभार व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के औद्योगिक, आधारभूत और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप राजस्थान को लगातार नई विकास परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी परियोजना, जयपुर मेट्रो फेज-2 और जोधपुर एयरपोर्ट के विकास एवं विस्तार जैसी परियोजनाएं प्रदेश की प्रगति के नए आयाम स्थापित करेंगी। साथ ही उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने करीब 54 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राजस्थान तेजी से विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ आमजन को भी सीधा लाभ मिलेगा। 
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर किया गया। इस दौरान जिला प्रभारी मंत्रियों, संगठन पदाधिकारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का सामूहिक रूप से अवलोकन किया। जिला मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं प्रेमचंद बैरवा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, सरिता गैना, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम सहित प्रदेश के अनेक पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।















































