लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाजपा जयपुर शहर द्वारा जिला कार्यालय में भव्य ‘योग गुरु सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया, जबकि समारोह की अध्यक्षता भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने की।
कार्यक्रम में विभिन्न योगाचार्यों एवं योग प्रशिक्षकों को श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन का भी सशक्त आधार है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जी सकता है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। योग भारत की प्राचीन परंपरा को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाने का माध्यम बना है।
समारोह में भाजपा पदाधिकारी, योग प्रशिक्षक, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















































